नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से बात की और कहा कि जर्मनी, यूरोप के साथ भारत के संबंधों का एक अहम स्तंभ है। उन्होंने जर्मनी को वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में मूल्यवान साझेदार बताया।
मोदी ने मर्ज से कहा कि भारत और जर्मनी दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए भविष्योन्मुखी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ गर्मजोशी भरी और सार्थक बातचीत हुई। भारत और जर्मनी के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर हमने व्यापार एवं निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकी, प्रतिभाओं के आदान-प्रदान और अन्य अहम क्षेत्रों में अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।”
मोदी ने कहा कि जर्मनी यूरोप के साथ भारत के संबंधों का एक अहम स्तंभ और वैश्विक शांति, स्थिरता एवं समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए एक मूल्यवान साझेदार है।
उन्होंने लिखा, “हम दोनों देशों के लोगों के फायदे के लिए अपनी भविष्योन्मुखी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना जारी रखेंगे।”
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश