नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) ‘नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन’ (एनडीटीए) ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान कनॉट प्लेस बाजार खुला रहेगा लेकिन यातायात पाबंदियों से शहर के कुछ हिस्सों में आवाजाही पर असर पड़ने की उम्मीद है।
एनडीटीए के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने कहा कि बाजार बंद नहीं किया गया है और दिल्ली के लोग बाजार के नियमित समय के दौरान कनॉट प्लेस में खरीददारी और खाने-पीने का मजा ले सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान कनॉट प्लेस बाजार शुक्रवार से रविवार तक खुला रहेगा। हालांकि, यातायात पाबंदियों को देखते हुए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे बाजार तक पहुंचने के लिए यातायात परामर्श का पालन करें।’’
यह स्पष्टीकरण ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले आया है। इस सम्मेलन में भारत, 11 ब्रिक्स सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के नेताओं के साथ-साथ अन्य आमंत्रित प्रतिनिधिमंडलों की मेज़बानी करेगा।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो संग्रहालय 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा।
उसने कहा कि यह संग्रहालय 15 सितंबर को खुलेगा क्योंकि 14 सितंबर उसका साप्ताहिक अवकाश है।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश