कुरुक्षेत्र, 10 सितंबर (भाषा) कुरुक्षेत्र पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जिन पर आरोप है कि वे दिन के समय विवाह एवं पारिवारिक समारोहों में वेटर का काम करते थे किंतु रात में सुनसान राजमार्ग पर नुकीले औजार सुआ से लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस बात को स्वीकार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर आग्नेयास्त्रों की जगह लूटपाट के दौरान सुआ का उपयोग हथियार के तौर पर किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को दो सितंबर को हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी पेहोवा में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (एचएसजीएमसी) के पूर्व सदस्य और ठेकेदार सतपाल सिंह रामगढ़िया से दो लाख रुपये की लूट के मामले में की गई।
पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बलबेरा निवासी अभिषेक उर्फ अभि और आशीष उर्फ बिल्ला तथा कैथल जिले के हजवाना गांव निवासी अमित उर्फ अंकित के रूप में की थी। पुलिस के अनुसार, लूट की वारदात के बाद तीनों आरोपी कथित तौर पर हरिद्वार भाग गए थे।
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद मोटरसाइकिल से भागते हुए तीन लोगों का वीडियो मिलने से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। वहीं, मोबाइल निगरानी के जरिए पुलिस टीम उनके ठिकाने तक पहुंच सकी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी का विभिन्न सामान बरामद किया गया है, जिसमें एलईडी टेलीविजन, म्यूजिक सिस्टम और मोबाइल फोन शामिल हैं। इसके अलावा, दो सुआ भी जब्त किए गए हैं।
अपराध जांच एजेंसी-2 के प्रभारी मंदीप सिंह के अनुसार, आरोपियों ने पेहोवा की घटना से एक दिन पहले, 31 अगस्त को कैथल के पुंडरी इलाके में भी एक अन्य लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य सुनसान जगहों की टोह लेते थे, अकेले यात्रा कर रहे लोगों को निशाना बनाते थे और पीड़ितों के विरोध करने पर बल प्रयोग करते थे।
पुलिस के अनुसार, पेहोवा लूट मामले में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (एचएसजीएमसी) के पूर्व सदस्य मोटरसाइकिल से एक राजमिस्त्री को दो लाख रुपये देने जा रहे थे। गुहला-चीका रोड पर हुडा ग्राउंड के पास मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने कथित तौर पर उनका पीछा किया, उनसे नकदी लूट ली, उन्हें मोटरसाइकिल से धक्का देकर गिरा दिया और फरार हो गए।
भाषा तान्या माधव
माधव