इंफाल, 10 सितंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को मारे गए संगीतकार चोंगथाम विक्रम सिंह के परिवार को आश्वासन दिया कि उन्हें न्याय मिलेगा और उनकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन इंफाल पश्चिम जिले के थांगमेइबंद स्थित चोंगथाम के आवास पर पहुंचकर दिया।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से बातचीत करते हुए 'इस घटना पर गहरा दुख' व्यक्त किया और कहा कि इसमें एक ऐसे 'निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई, जिसने कोई गलत काम नहीं किया था।'
सिंह ने चोंगथाम के माता-पिता, पत्नी और बेटे से मुलाकात की तथा उन्हें सरकार की ओर से हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिया।
दिल्ली के किलोकरी इलाके में मंगलवार को 54 वर्षीय संगीतकार की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने अपने घर के बाहर एक ढाबे से आ रहे शोर पर आपत्ति जताई थी।
पुलिस ने मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
किलोकरी में दो दशक से भी अधिक समय से रह रहे सिंह एक जाने-माने संगीतकार और गिटारवादक थे। वह 1980 के दशक की शुरुआत में मणिपुर रॉक बैंड फीनिक्स के मुख्य गिटारवादक थे।
उन्होंने बाद में दिल्ली में एक संगीत शिक्षक और कलाकार के रूप में काम किया।
भाषा शुभम रंजन
रंजन