इंदौर (मध्यप्रदेश), 10 सितंबर (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से इंदौर आ रही एक यात्री बस से करीब 2.1 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। डीआरआई के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि नौ सितंबर (बुधवार) को मिली सूचना के आधार पर एक यात्री बस को इंदौर-देवास बायपास रोड पर रोका गया और इसमें सवार संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई।
अधिकारी के मुताबिक इस व्यक्ति के सामान में चार सीलबंद लिफाफे मिले जिन्हें चार सलवार सूट के सेट के अंदर छिपाया गया था।
उन्होंने बताया कि चारों लिफाफों के अंदर सीलबंद पॉलीथिन थी जिनमें कुल मिलाकर करीब 2.1 किलोग्राम एम्फेटामाइन पाया गया।
अधिकारी के मुताबिक इस नशीले पदार्थ को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत जब्त किया गया और तस्कर को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में डीआरआई की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
हर्ष रवि कांत