Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

जांच जारी है : पुलिस ने ध्रुव राठी के ‘हिंदू देवी-देवताओं’ वाले वीडियो के मामले में अदालत से कहा

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत को बताया कि यूट्यूबर ध्रुव राठी के, कई हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां करने से संबंधित वीडियो के खिलाफ दर्ज शिकायत पर उसकी जांच अभी जारी है।

पुलिस ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अकाउंट से जुड़ी जानकारी के लिए गूगल और यूट्यूब से संपर्क किया गया है।

यह जानकारी पुलिस द्वारा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निहारिका कुमार शर्मा के समक्ष स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने के दौरान दी गई। पुलिस ने अदालत को बताया कि वीडियो में कई देवी देवताओं को लेकर कथित रूप से अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

नौ जून को अदालत ने दिल्ली पुलिस को 22 मार्च, 2026 को अमिता सचदेवा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में हिंदू धर्मग्रंथों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, सनातन धर्म का अपमान किया गया और सांप्रदायिक वैमनस्य को बढ़ावा दिया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राठी ने हिंदू धर्मग्रंथों का गलत संदर्भ देकर भगवान राम और सीता सहित देवी-देवताओं के बारे में यह दावा करने वाले ‘‘झूठे और दुर्भावनापूर्ण’’ बयान दिए कि उन्होंने मांसाहारी भोजन और शराब का सेवन किया था।

इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपों के संबंध में वीडियो की जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने गूगल और यूट्यूब को नोटिस जारी कर जानकारी मांगी। गूगल/यूट्यूब ने जांच, संबंधित अकाउंट और वीडियो की प्रासंगिकता तथा जांच के दायरे में शामिल विशेष सामग्री को लेकर कुछ स्पष्टीकरण मांगे हैं।

पुलिस ने अदालत से कहा कि आवश्यक स्पष्टीकरण उपलब्ध कराया जा रहा है और जरूरी जानकारी हासिल करने के लिए गूगल/यूट्यूब को एक नया अनुरोध भेजा जा रहा है।

भाषा शफीक मनीषा

मनीषा