Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

श्रीनगर पुलिस ने एनडीपीएस के छह मामलों में छह करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की

श्रीनगर, 10 सितंबर (भाषा) श्रीनगर पुलिस ने जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) से जुड़े छह अलग-अलग मामलों के तहत 6.22 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करों के वित्तीय नेटवर्क पर नकेल कसने के अपने अभियान के तहत की है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि अधिकारियों ने मुबाशिर आशिक की संपत्ति के रूप में डनिहामा, हजरतबल में लगभग 1.10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं, जिनमें दो मंजिला रिहायशी मकान और भूमि का एक हिस्सा शामिल है।

प्रवक्ता ने बताया कि जांच में इन संपत्तियों को अवैध तरीके से अर्जित और मादक पदार्थों की तस्करी से हुई कमाई से जुड़ा पाया गया।

वहीं, एक अन्य कार्रवाई में मुलफाक अबू बकर कॉलोनी, हजरतबल में लगभग 1.14 करोड़ रुपये मूल्य का एक रिहायशी मकान और कुछ भूखंड कुर्क किये गये। ये संपत्ति जुबैर अहमद राथेर की है।

अधिकारियों ने दिलावर कॉलोनी, मुजगंड के रहने वाले मोहम्मद अल्ताफ डार के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया। इन संपत्तियों में एक मंजिला रिहायशी मकान और 11.5 मरला भूखंड शामिल है। यह संपत्ति भी मादक पदार्थों की तस्करी से हुई आय से अर्जित की गई थी।

इसके अलावा 2.2 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गईं, जिनमें दो मंजिला रिहायशी मकान और लगभग 10 मरला की जमीन शामिल है। यह संपत्ति आरोपी ओवैस अहमद मीर की है, जो बगात शूरा का रहने वाला है।

अधिकारियों ने लाल बाजार और शालतेंग में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में 35 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। लाल बाजार की संपत्ति वसीम अहमद लंगू की है जबकि शालतेंग की संपत्ति रियाज अहमद भट की है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव