चंडीगढ़, 10 सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 26 अलग-अलग योजनाओं के तहत 50 लाख से अधिक पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 1,890.16 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए।
सैनी ने कहा कि बृहस्पतिवार को 26 अलग-अलग योजनाओं के तहत 50,28,208 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1,890.16 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
इनमें दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की किस्त, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दयालु योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को वित्तीय सहायता, गृहणियों के लिए गैस सब्सिडी, किसानों के लिए भावांतर मुआवजा और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत उद्यमियों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन शामिल हैं।
सैनी ने यहां कहा कि 'डबल इंजन' सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक सीधे, पारदर्शी और तय समय सीमा के भीतर पहुंचे।
सैनी ने कहा कि 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी' योजना की 11वीं किस्त आज जारी कर दी गई है। इस योजना के तहत 10.10 लाख महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 212.16 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। इसके साथ ही, अब तक योजना की 11 किस्तों के तहत कुल 2,254.47 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से इस योजना के तहत 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को भी लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष के बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत पात्रता के लिए वार्षिक पारिवारिक आय सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 'सक्रिय पहल मॉडल' अपनाकर व्यवस्था में बदलाव किया है। परिवार पहचान पत्र के डाटाबेस के आधार पर पात्रता अपने आप तय की जाती है, जिससे पात्र नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना या आवेदन जमा किए बिना घर बैठे सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश