Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

सलमान खान की याचिका पर फिल्म निर्माताओं ने अदालत से कहा, ‘काला हिरण’ रिलीज के लिए अभी तैयार नहीं

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) अभिनेता सलमान खान पर कथित रूप से आधारित फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ के निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया कि फिल्म अभी रिलीज किये जाने के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि उसे अभी सेंसर बोर्ड से प्रमाण-पत्र मिलना बाकी है।

यह बयान न्यायमूर्ति ज्योति सिंह के समक्ष दिया गया, जो फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के अनुरोध को लेकर बॉलीवुड अभिनेता की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थीं।

अदालत ने फिल्म निर्माता से सलमान की याचिका पर दो सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा।

अदालत ने कहा, ‘‘प्रतिवादी संख्या एक की ओर से पेश हुए अधिवक्ता ने कहा कि इस समय विचाराधीन फिल्म रिलीज की स्थिति में नहीं है, क्योंकि इसकी सामग्री को अभी सेंसर बोर्ड से प्रमाणित किया जाना बाकी है। इस बयान को रिकॉर्ड में लिया जाता है। दो सप्ताह में जवाब दाखिल किया जाए और अगली तारीख से पहले प्रत्युत्तर दाखिल किया जाए।’’

अदालत ने मामले की आगे की सुनवाई के लिए 30 सितंबर की तारीख तय की। अदालत ने फिल्म निर्माता अमित जानी के वकील से 14 सितंबर को फिल्म रिलीज किये जाने की प्रस्तावित तारीख के बारे में जानकारी देने को कहा। अदालत ने यह भी कहा, ‘‘तब तक आप इसे (फिल्म को) रिलीज नहीं करेंगे।’’

सलमान के वकील ने कहा, ‘‘निर्माता खुद कह रहे हैं कि फिल्म सितंबर में रिलीज होने वाली है और मान लीजिए कि इसे रिलीज कर दिया जाता है तो इससे मुझे (सलमान को) भारी नुकसान होगा।’’

निर्माता के वकील ने कहा कि फिल्म अभी रिलीज योग्य स्थिति में नहीं है और इसे प्रमाणन के लिए अभी सेंसर बोर्ड के पास भेजा जाना बाकी है। यहां तक कि इसका ट्रेलर भी जारी नहीं किया गया है।

सलमान की याचिका उनके व्यक्तित्व अधिकारों के संरक्षण को लेकर दायर मुकदमे का हिस्सा है।

इससे पहले जुलाई में उच्च न्यायालय ने सलमान की आपत्ति के बाद फिल्म के टीजर और इससे संबंधित अन्य पोस्ट को ऑनलाइन मंचों से हटाने का अंतरिम आदेश दिया था।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश