Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मामला केरलम का सबसे बड़ा घोटाला होगा : कांग्रेस विधायक

तिरुवनंतपुरम, 10 सितंबर (भाषा) कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझलनादन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि सीएमआरएल-एक्जालॉजिक मुद्दे से उपजा कथित धन शोधन मामला केरलम का सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा।

कुझलनादन ने पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान केरलम विधानसभा से लेकर विभिन्न सार्वजनिक मंचों पर इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।

उन्होंने कहा कि लोगों को इस मामले में आगे होने वाले घटनाक्रमों के लिए धैर्य और उत्सुकता के साथ इंतजार करना चाहिए।

मुवात्तुपूजा से विधायक कुझलनादन ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरलम के पुलिस प्रमुख रवाडा ए चंद्रशेखर को पत्र लिखकर कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े कथित रिश्वत मामले में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता विजयन, उनकी बेटी वीणा टी, वीणा के पति एवं विधायक पीए मोहम्मद रियास तथा अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपनी जांच और तलाशी के दौरान जुटाए गए “सबूतों” के आधार पर मामला दर्ज करने की मांग की है।

जांच एजेंसी का आरोप है कि सीएमआरएल ने वीणा की अब बंद हो चुकी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ कंपनी को “आईटी परामर्श सेवाओं” के नाम पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया।

ईडी ने मामले की जांच के सिलसिले में मई में वीणा से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली थी। वीणा उस समय तिरुवनंतपुरम में विजयन के साथ किराये के मकान में रह रही थीं। जांच एजेंसी ने उनसे पूछताछ भी की थी।

कुझलनादन ने तिरुवंतपुरम में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि सीएमआरएल-एक्सलॉजिक मामला केरलम में सामने आया भ्रष्टाचार और “लूट” का अब तक का सबसे बड़ा मामला है।

उन्होंने कहा, “अब तक हमने सिर्फ एक खनन कंपनी के बारे में बात की है। आगे चलकर इस बारे में जानकारी सामने आएगी कि कैसे अलग-अलग स्रोतों से धन इकट्ठा किया गया, कैसे भ्रष्टाचार से जुटाए गए उस काले धन को ठिकाने लगाने की कोशिशें की गईं और कैसे उस रकम को यहां से तस्करी करके बाहर ले जाने के प्रयास हुए।”

कुझलनादन ने कहा कि जब उन्होंने विधानसभा और सार्वजनिक मंचों पर यह मुद्दा उठाया, तो उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसे सच की लड़ाई के तौर पर जारी रखा।

कांग्रेस विधायक ने कहा, “मैंने केरलम के लोगों से वादा किया है कि मैं इस मुद्दे पर पूरी ईमानदारी के साथ जितना हो सके, उतना आगे बढ़ूंगा। क्योंकि यह और कुछ नहीं, बल्कि सच के लिए लड़ाई है।”

उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि यह मामला उन लोगों के लिए एक सबक बने, जो मानते हैं कि वे ऊंचे पदों पर रहते हुए सत्ता का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।

भाषा पारुल रंजन

रंजन