Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

बंगाल सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी के सहायक को गिरफ्तार किया

कोलकाता, 10 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने बृहस्पतिवार को तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय को गिरफ्तार कर लिया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य विधानसभा में बताया कि यह गिरफ्तारी सालबोनी जमीन घोटाला मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा रॉय की अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के तुरंत बाद की गई।

सूत्रों के अनुसार, सालबोनी में सरकारी जमीन की कथित अवैध बिक्री के मामले में सीआईडी के अधिकारियों ने रॉय को कोलकाता के कालीघाट इलाका स्थित बनर्जी के कथित आवास से पकड़ा।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा, ‘‘जबरन वसूली करने के लिए कुख्यात सुमित रॉय को सीआईडी ने 121 कालीघाट रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से गिरफ्तार किया।’’

गिरफ्तारी के बाद रॉय को पहले राज्य संचालित एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इसके बाद उसे भवानी भवन स्थित राज्य सीआईडी मुख्यालय ले जाया गया।

इस मामले के संबंध में रॉय को पहले भी कई बार राज्य सीआईडी मुख्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा गया था। इससे पहले उच्चतम न्यायालय ने उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी और उसे जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था।

उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को रॉय की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी और छह अगस्त के अपने उस पुराने आदेश को भी वापस ले लिया, जिसके तहत उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई गई थी।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश