नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए अपना राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) गठित करेगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में फैसला राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में किया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में करीब 1,100 कर्मियों की एक बटालियन गठित करने का निर्णय किया गया। इसके अलावा, दमकल सेवा के कर्मचारियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण देने का भी फैसला किया गया।
यह बैठक ऐसे वक्त हुई है जब कुछ दिन पहले ही दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली सचिवालय में एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की बैठक में अत्याधुनिक एसडीईआरएफ टीम के लिए आवश्यक जानकारी एकत्र की गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गुप्ता के निर्देशों के बाद, दिल्ली में राज्य आपदा आपातकालीन राहत बल के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने सत्य निकेतन में राहत एवं बचाव अभियान के दौरान तत्परता और समन्वय से काम करने के लिए दिल्ली निवासियों की ओर से एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन