पुणे, 10 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कर रहे 28 वर्षीय एक अभ्यर्थी का पुणे में कथित तौर पर कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। यह घटना एक आरोपी की महिला मित्र से अभ्यर्थी के बातचीत करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को आधी रात के बाद घटना की जानकारी मिलने पर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पीड़ित को बचा लिया गया और चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि एमपीएससी की तैयारी कर रहे प्रसाद सूर्यवंशी को आरोपियों में से एक की महिला मित्र से बात करते हुए पाए जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसपर हमला कर दिया। इसके बाद, दो साथियों की मदद से उसे अगवा करके वाहन से सिंहगढ़ रोड की ओर ले गए।
अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि पेरुगेट पुलिस चौकी क्षेत्र से एक काले रंग की एसयूवी में सूर्यवंशी का अपहरण किया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और सिंहगढ़ रोड पर पीड़ित को बचा लिया तथा दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
विश्रामबाग थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नवनाथ जगताप ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'घटना एक लड़की से बातचीत के मुद्दे को लेकर हुई, जो आरोपियों में से एक की मित्र है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो अन्य की तलाश जारी है। लड़की और अपहृत युवक दोनों एमपीएससी की तैयारी कर रहे हैं।'
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुणे के वालचंदनगर निवासी और होटल मालिक सागर रमेश बोराडे (32) तथा सोलापुर जिले के दसूर निवासी किशोर बालासाहेब सावंत (32) के रूप में हुई है।
उन्होने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा शुभम रंजन
रंजन