Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं रोहित पवार : भाजपा एमएलसी का दावा; राकांपा (शप) नेता ने किया पलटवार

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) परिणय फुके ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं और उन्होंने महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले को ‘‘खुश करने’’ के लिए भंडारा-गोंदिया का दौरा किया था।

इस पर पवार ने पलटवार करते हुए फुके पर कथित भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

फुके ने कहा कि राकांपा (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के साथ पवार के संबंध खराब हो गए हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उनके खिलाफ हैं।

फुके ने कहा, ‘‘दरअसल, मुझे लगता है कि राकांपा (शप) में उनके और सुप्रिया ताई के बीच चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। वह हमेशा सुप्रिया ताई से उलझते रहते हैं और इसी वजह से राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेता रोहित पवार के खिलाफ हैं। मुझे लगता है कि रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने के बारे में सोच रहे हैं।’’

विधान परिषद सदस्य ने दावा किया, ‘‘इसीलिए उन्होंने नाना पटोले को खुश करने के लिए भंडारा-गोंदिया का दौरा किया।’’

पवार ने फुके के आरोपों पर पलटवार करते हुए उनसे ‘‘बेबुनियाद’’ दावे करने के बजाय किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने दावा किया कि सरकार द्वारा कर्ज माफी की घोषणा किए जाने के बाद फुके ने पहले कहा था कि धान पर बोनस नहीं दिया जा सकता।

पवार ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि मेरी चिंता मत कीजिए। बात सीधी है, परिणय फुके, लोग जानते हैं कि आप मुख्यमंत्री के करीबी हैं। लेकिन आप इस नजदीकी का इस्तेमाल किस लिए करते हैं?’’

अहिल्यानगर जिले की करजत-जामखेड विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले पवार ने आरोप लगाया कि फुके ने ‘‘मुख्यमंत्री से अपनी नजदीकी’’ का इस्तेमाल विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कराने और अवैध रेत कारोबार में कथित रूप से शामिल भाजपा पदाधिकारियों को बचाने के लिए किया।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा