Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

राजस्थान के भाजपा नेता ने 'मिर्जापुर' फिल्म के 'शूरवीर' गीत पर आपत्ति जताई

जयपुर, 10 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने महाराणा प्रताप को समर्पित एक गीत को फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' में गैंगस्टर और अपराधी किरदारों वाले दृश्यों के साथ दिखाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इस गीत को हटाने की मांग की है।

राठौड़ ने इस बारे में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखा है।

उन्होंने यह पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा— ‘‘वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को समर्पित ‘शूरवीर’ गीत को फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ में गैंगस्टर एवं आपराधिक चरित्रों के साथ जोड़कर प्रस्तुत किए जाने के विरोध में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर इस गीत को हटाने और भविष्य में ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े गीतों, प्रतीकों और संदर्भों के गलत उपयोग की अनुमति नहीं दिये जाने की मांग की।’’

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे राठौड़ ने इस पत्र में कहा है कि राजस्थानी गायक रैपरिया बालम के शूरवीर गीत का मिर्जापुर मूवी में गैंगस्टरों, नशेड़ी बलात्कारियों के साथ प्रयोग अत्यंत आपत्तिजनक एवं जन भावनाओं को आहत करने वाला है।

राठौड़ ने दावा किया कि इस तरह का चित्रण महाराणा प्रताप के सम्मान तथा उनसे जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी अपमान करता है।

उन्होंने कहा है कि ‘‘शूरवीर और गैंगस्टर के चरित्र एवं मूल्यों में स्पष्ट अंतर है। वीरता, त्याग, धर्म, स्वाभिमान और राष्ट्रभूमि के प्रति समर्पण को अपराध, हिंसा और गैंग संस्कृति से जोड़कर प्रस्तुत करना दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

भाजपा नेता ने मांग की है कि बोर्ड 'मिर्जापुर द मूवी' में शूरवीर गीत को हटाते हुए भविष्य में यह सुनिश्चित करें कि ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े गीतों, प्रतीकों और संदर्भों का उपयोग ऐसे रूप में किये जाने की अनुमति नहीं दी जाये जिससे सर्व समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

भाषा पृथ्वी मनीषा

मनीषा