चंडीगढ़, 10 सितंबर (भाषा) पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। उनके बेटे और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने यह जानकारी दी।
चुन्नी लाल ने जालंधर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार में बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा, ‘‘चुन्नी लाल भगत जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से हम बेहद दुखी हैं।’’
उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार शाम पांच बजे जालंधर में किया जाएगा।
चुन्नी लाल के निधन के बाद पंजाब सरकार ने आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है।
चुन्नी लाल 2012 में तत्कालीन शिरोमणि अकाली दल (शिअद)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली सरकार में उनके पास स्थानीय निकाय तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभागों का प्रभार था।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई नेताओं ने लाल के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोहिंदर भगत जी और उनके पूरे परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह लाल के निधन से बेहद दुखी हैं।
बादल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब के लिए उनकी लंबी सार्वजनिक सेवा और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके बेटे मोहिंदर भगत और पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। गुरु साहब दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।’’
कांग्रेस सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी लाल के निधन पर शोक व्यक्त किया।
चुन्नी लाल का जन्म एक दिसंबर 1932 को सियालकोट (अब पाकिस्तान) में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर में बस गया था।
उन्होंने 1985 में जालंधर दक्षिण विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना पहला चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1997 में उन्होंने इसी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता।
वह 2007 और 2012 में भी विधायक चुने गए। 2012 में परिसीमन प्रक्रिया के बाद उन्होंने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा।
चुन्नी लाल ने 2011 में पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।
उनके बेटे मोहिंदर भगत ने अप्रैल 2023 में भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा