ईटानगर, 10 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने ईटानगर के पास नाहरलागुन इलाके में केले पकाने के लिए कथित तौर पर रसायनों के इस्तेमाल के मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नाहरलागुन-ईटानगर राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक नीलम नेगा ने बताया कि मंगलवार को इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक वीडियो अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि नाहरलागुन थाने के प्रभारी अधिकारी के. देव ने बुधवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘वीडियो में दिखाए गए पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और रासायनिक संरचना अभी निर्धारित नहीं हुई है। इसका पता वैज्ञानिक जांच और विस्तृत जांच के माध्यम से लगाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि जांच में इस कथित गतिविधि में शामिल लोगों की भी पहचान की जाएगी।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा