Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

नोएडा में सोना-चांदी में निवेश का झांसा देकर बुजुर्ग से 27.50 लाख रुपये की ठगी

नोएडा, दस सितंबर (भाषा) सोना-चांदी में निवेश के बदले मोटे मुनाफे का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग से 27 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल ने बृहस्पतिवार को बताया कि सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी निवासी केवल कृष्ण सहगल (65) ने बुधवार रात इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, अगस्त महीने में सहगल की निधि शर्मा नामक महिला से ऑनलाइन बातचीत शुरू हुई थी जिसने उन्हें बताया कि वह एक ऐप के माध्यम से सोना और चांदी के वैश्विक बाजार में निवेश का काम करती है। आरोप है कि महिला ने अपनी बातों से सहगल का विश्वास जीता और उन्हें ऐप पर खाता खोलकर निवेश करने के लिए कहा।

महिला ने सहगल से कहा कि वह दोनों मिलकर निवेश करेंगे और इससे होने वाले मुनाफे को आधा-आधा बांट लेंगे। पीड़ित उसकी बातों में आ गए और उन्होंने 14 अगस्त 2026 को सबसे पहले 50 हजार रुपये निवेश किए।

इसके बाद आरोपियों ने उन्हें अधिक मुनाफे के लिए ज्यादा लेन-देन दिखाने की बात कही। इसके बाद सहगल ने कई बार में आरोपियों के बताए खातों में कुल 27 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ऐप पर उन्हें निवेश की गई रकम पर काफी अधिक मुनाफा दिखाई दे रहा था।

सहगल ने बताया कि जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो तीन सितंबर को उनसे कहा गया कि 30 ट्रांजैक्शन पूरे होने के बाद ही पैसा निकाला जा सकेगा। इसके लिए 12 प्रतिशत अतिरिक्त राशि जमा करने को कहा गया, जो करीब 19 लाख रुपये थी।

इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं

मनीषा

मनीषा