Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

रियाज ने ईडी के आरोपों को खारिज किया; रामकृष्णन ने राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लडने की बात कही

कोझिकोड (केरलम), 10 सितंबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक पी. ए. मोहम्मद रियाज ने सीएमआरएल से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच से संबंधित रिपोर्ट में उनके खिलाफ सामने आए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से ये बेबुनियाद दावे गढ़े गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के दामाद रियाज ने साफ किया कि वह इस मामले से कानूनी तौर पर निपटेंगे।

उनकी यह प्रतिक्रिया उस खबर के बाद आई है जिसमें कहा गया है कि ईडी ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रावदा ए चंद्रशेखर को एक पत्र भेजकर केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन, उनकी बेटी वीणा टी और रियाज तथा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले के सिलसिले में पीएमएलए के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान जुटाए गए ‘‘साक्ष्यों’’ के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

खबरों में यह दावा भी किया गया है कि ईडी को जांच में पता चला है कि वीणा ने अपने पति रियाज के दोस्तों के जरिए विदेश में 20 करोड़ रुपये भेजे थे।

ईडी का आरोप है कि सीएमआरएल ने ‘आईटी परामर्श सेवाओं’ के नाम पर वीणा की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ (अब बंद हो चुकी) को 2.78 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने तिरुवनंतपुरम में किराए के मकान में विजयन के साथ रह रही वीणा से जुड़े परिसरों की मई में तलाशी ली थी और बाद में उनसे पूछताछ भी की थी।

रियाज ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईडी जांच के नाम पर लीक की गई रिपोर्ट में लगाए गए आरोप मनगढ़ंत और झूठ हैं, जिनका मकसद केवल उनकी साख को ठेस पहुंचाना है।

उन्होंने उन खबरों को भी सिरे से नकार दिया जिनमें कहा गया कि वीणा ने ईडी के सामने इन आरोपों को स्वीकार कर लिया है। रियाज ने इन्हें ‘सफेद झूठ’ करार दिया।

रियाज ने कहा, ‘‘जो लोग दूसरों को बदनाम करने और ईडी की जांच के नाम पर ऐसी बेतुकी बातें लीक कराने में आनंद लेते हैं, वे अपना खेल जारी रखें। मैं इसका कानूनी तौर पर मुकाबला करूंगा।’’

इस बीच, एलडीएफ के संयोजक टी. पी. रामकृष्णन ने संवाददाताओं से कहा कि माकपा और वाम मोर्चा इस मुद्दे का राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर मजबूती से सामना करेंगे।

रामकृष्णन ने कहा कि अभी तक किसी भी अदालत या जांच एजेंसी ने यह नहीं कहा है कि कोई गड़बड़ी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाक्रमों का मकसद जनता के बीच बेवजह संदेह पैदा करना और माकपा व वाम मोर्चे को कमजोर करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सच है कि हालिया चुनावों में एलडीएफ और माकपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। हमने विचार-मंथन के दौरान इसे स्वीकार भी किया है। कारणों का पता लगाकर खुद को एक मजबूत आंदोलन के रूप में पुनर्गठित कर माकपा अब जनता के विश्वास के साथ वापसी कर रही है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री विजयन और रियाज द्वारा 20 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने और उस रकम को दुबई भेजने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए रामकृष्णन ने कहा कि अगर ये आरोप मनगढ़ंत नहीं हैं और गड़बड़ी के सबूत मौजूद हैं, तो अधिकारी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र हैं।

रामकृष्णन ने आरोप लगाया कि माकपा नेताओं को निशाना बनाने की साजिश के तहत ये झूठे आरोप गढ़े जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कथित भ्रष्टाचार के मामलों में भाजपा नेताओं के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

उन्होंने ईडी के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने याद दिलाया कि जहां एक तरफ कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है, वहीं केरलम में वामपंथियों के खिलाफ ऐसे ही आरोपों को हवा दी जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का ईडी के खिलाफ यह रुख है, तो यहां उसका क्या रुख है? क्या कांग्रेस को यह स्पष्ट नहीं करना चाहिए?’’

भाषा खारी वैभव

वैभव