Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

मोल्दोवा में ड्रोन घुसने के कारण जेलेंस्की को नॉर्वे ले जा रही उड़ान में देरी

चिसिनाउ (मोल्दोवा), 10 सितंबर (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को मोल्दोवा से नॉर्वे ले जाने वाली एक उड़ान में बुधवार को उस समय देरी हुई, जब मोल्दोवा में एक ड्रोन के घुसने के कारण अधिकारियों को देश का हवाई क्षेत्र बंद करना पड़ा। सरकार के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

मोल्दोवा की पुलिस ने बताया कि मंगलवार को देश के रिस्कानी जिले के एक गांव के बाहरी इलाके में सूरजमुखी के खेत में एक रूसी ड्रोन आकर गिरा। इससे चार जगह आग लग गई, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

सरकार के प्रवक्ता दुमित्रु कोरिची ने बुधवार को बताया कि मोल्दोवा ने मंगलवार दोपहर को देश के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था, ताकि उस समय देश के ऊपर से उड़ान भर रहे विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके कारण तीन उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई, जिनमें जेलेंस्की को ले जाने वाली उड़ान भी शामिल थी।

मोल्दोवा के अधिकारियों ने पुष्टि की कि ड्रोन चिशिनाउ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 160 किलोमीटर दूर आकर गिरा और उसमें विस्फोट हो गया। बाद में हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंध हटा दिए गए और जेलेंस्की का विमान देरी से रवाना हुआ।

मंगलवार को मोल्दोवा के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाला ड्रोन पड़ोसी देश रोमानिया में चला गया, जो उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का सदस्य है। वहां कई उत्तर-पूर्वी काउंटी के ऊपर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।

मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन की गतिविधि पर नजर रखने के लिए स्पेन की हवाई एवं अंतरिक्ष सेना के दो एफ-18 लड़ाकू विमानों को रवाना किया गया। इसके बाद ड्रोन दोबारा मोल्दोवा के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया।

मोल्दोवा की पुलिस ने बुधवार को बताया कि विस्फोटक विशेषज्ञों को ड्रोन के टुकड़े मिले हैं। इसमें प्रणोदन प्रणाली थी और इसकी कई विशेषताएं गेरान प्रकार के ड्रोन से मिलती-जुलती थीं, जिनका रूस ने यूक्रेन में जारी युद्ध में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है।

पुलिस ने कहा, ‘‘जांच में उस स्थान की पहचान कर ली गई है जहां ड्रोन गिरा था। वहां विस्फोट हुआ और काफी बड़े आकार का गड्ढा बन गया।’’

पुलिस ने बताया कि विशेषज्ञ अब यह ‘‘निर्धारित करने के लिए जांच जारी रखे हुए हैं कि विस्फोटक सामग्री किस प्रकार की थी और उसका वजन कितना था।’’

यूक्रेन की सीमाएं रोमानिया और मोल्दोवा दोनों से लगती हैं। वर्ष 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू होने के बाद से दोनों देशों ने ड्रोन से जुड़ी कई घटनाओं की सूचना दी है।

एपी गोला शोभना

शोभना