इंफाल, 10 सितंबर (भाषा) मणिपुर के दो घाटी जिलों से सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, ये सभी गिरफ्तारियां बुधवार को की गईं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स और गढ़वाल राइफल्स को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले के माना इंगखोल में ‘नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर’ के 28 वर्षीय एक सक्रिय सदस्य को पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि इंफाल पश्चिम जिले में चिंगमेइरोंग से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के 44 वर्षीय एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी के अनुसार, पकड़े गए दो अन्य लोगों में एक प्रतिबंधित कांगलेई याओल कन्ना लुप का सक्रिय सदस्य है, जिसे इंफाल पश्चिम के सागोलटोंगबा स्थित उसके घर से पकड़ा गया। वहीं, दूसरा व्यक्ति इंफाल पूर्व के अहल्लुप से पकड़ा गया, जो केसीपी (नोंगद्रेनखोंबा) का सदस्य है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव