Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

हरदोई में घरेलू विवाद में सात माह की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या

हरदोई (उप्र), नौ सितंबर (भाषा) जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मयोरा गांव में मंगलवार शाम घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने डंडे से पीट-पीटकर सात माह की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बहू को बचाने पहुंची आरोपी की मां को भी मारपीट में चोटें आई हैं। घटना के बाद फरार हुए आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने बताया कि मयोरा गांव निवासी प्रेमा के बेटे विशाल पाल की शादी करीब तीन वर्ष पहले किरन (24) से हुई थी। दंपती की एक वर्षीय बेटी है। किरन सात माह की गर्भवती थी। मंगलवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर विशाल ने किरन पर डंडे से हमला कर दिया। बहू को बचाने पहुंची मां प्रेमा ने बेटे को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

गंभीर रूप से घायल किरन को बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दी गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं जफर सुरभि

सुरभि