नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला फेज-एक में बुधवार को एक व्यावसायिक ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) और पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ओखला फेज-एक के डी-23 में हुए इस हादसे की सूचना पूर्वाह्न 10 बजकर 43 मिनट पर। इस जगह पर ‘एसएम ट्रेडर्स’ नामक फर्म का गोदाम है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, गाजियाबाद से व्यावसायिक ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर आया वाहन गोदाम के बाहर खड़ा था और सिलेंडर उतारे जा रहे थे तभी एक सिलेंडर वाहन से सड़क पर गिर गया और उसमें विस्फोट हो गया।
प्रारंभिक जांच में केवल एक सिलेंडर के फटने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में ‘एसएम ट्रेडर्स’ के कर्मचारी मोहित सिंह (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वह करीब तीन साल से इस फर्म में काम कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि चार अन्य घायलों की पहचान उमेश, अरविंद, मनोज और पंकज के रूप में हुई है जिन्हें तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि बीएनएस की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद गोदाम के मालिक को हिरासत में लिया गया।
डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां भेजी गईं और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, ‘एसएम ट्रेडर्स’ पिछले करीब एक-दो साल से किराये के परिसर में काम कर रही है और स्थानीय स्तर पर औद्योगिक ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति करती है। परिसर में ऑक्सीजन भरने का कोई संयंत्र नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऑक्सीजन से भरे सिलेंडर गाजियाबाद से आते हैं और स्थानीय कारोबारियों तथा उद्योगों, विशेषकर ओखला क्षेत्र में उनकी आपूर्ति की जाती है।
पुलिस ने बताया कि रोजाना करीब 70-80 सिलेंडर लाने-ले जाने की बात सामने आई है। हालांकि, भंडारण रजिस्टर, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, बिल और अन्य दस्तावेजों से इसकी पुष्टि की जा रही है।
उसने बताया कि सिलेंडरों के स्वामित्व, आपूर्ति के स्रोत और आपूर्तिकर्ता के अलावा उनके भंडारण, रखरखाव और परिवहन से संबंधित वैधानिक अनुमतियों की भी जांच की जा रही है।
विस्फोट के बाद, बदरपुर उपमंडल मजिस्ट्रेट योगेश पाल मौके पर पहुंचे और मीडिया को बताया कि उन्हें सूचना मिली और दिल्ली अग्निशमन सेवा, पुलिस और अन्य टीम मौके पर पहुंचीं।
पास की एक फैक्टरी में काम करने वाले पवन ने कहा कि विस्फोट बेहद जोरदार था और शुरू में ऐसा लगा जैसे कोई बम विस्फोट हुआ हो।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव