Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

विद्यालय के वाहन के रेडिएटर से गर्म पानी छिटकने से पांच बच्चे झुलसे

जमुई, नौ सितंबर (भाषा) बिहार के जमुई जिले में बुधवार सुबह एक निजी विद्यालय के वाहन के रेडिएटर का खौलता पानी छिटकने से पांच बच्चे झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच जिले के सोनो बाजार क्षेत्र में हुई, जब बच्चे गाड़ी से विद्यालय जा रहे थे।

सोनो थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया, “घटना में दो बच्चों के पैर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि तीन अन्य बच्चे मामूली रूप से झुलसे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए इलाके के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया।”

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि गाड़ी की कूलिंग प्रणाली में खराबी आने के कारण रेडिएटर का पानी अत्यधिक गर्म होकर भाप में बदल गया। दबाव बढ़ने से रेडिएटर का ढक्कन खुल गया और खौलता पानी बच्चों पर छिटक गया, जिससे वे झुलस गए।

थाना प्रभारी ने कहा कि घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

जिन दो बच्चों के पैर झुलसे हैं उनकी पहचान निमाडीह निवासी 12 वर्षीय अमरजीत कुमार और कुहिला निवासी नौ वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, क्योंकि पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य को गाड़ी चालक को अपना बयान देने के लिए कहा गया है।

भाषा कैलाश

अमित

अमित