Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

सीएमआरएल रिश्वत आरोपों के जरिये ईडी मुझे निशाना बना रही : पिनराई विजयन

अलाप्पुझा, नौ सितंबर (भाषा) केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को आरोप लगाया कि कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में धनशोधन की जांच के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उन्हें निशाना बना रहा है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता विजयन ने राज्य के तटीय जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईडी की कार्रवाई को 'शर्मनाक' बताया और कहा कि इससे न तो उनके निजी जीवन को नुकसान पहुंचेगा और न ही उन्हें भ्रष्ट व्यक्ति के रूप में पेश किया जा सकेगा।

केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता विजयन ने कहा कि ईडी अब आरोप लगा रही है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने उनकी बेटी वीणा टी के माध्यम से उन्हें धन दिया और वीणा ने अपने पति मोहम्मद रियास की मदद से वह धन विदेश भेजा।

उन्होंने कहा, ‘‘ईडी जैसी एजेंसी ने ऐसा शर्मनाक रुख अपनाया है। इसके आधार पर कुछ मीडिया संस्थान खबरें चला रहे हैं कि मैंने 3.8 करोड़ रुपये की रिश्वत ली। क्या आपको लगता है कि ऐसी खबरें केरलम के लोगों की नजर में मुझे भ्रष्ट व्यक्ति बना देंगी? ये कदम न तो मेरे निजी जीवन को नुकसान पहुंचा सकते हैं और न ही मेरी छवि खराब कर सकते हैं। ’’

माकपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों का राजनीतिक और कानूनी तरीके से मुकाबला किया जाएगा।

विजयन का यह बयान ईडी की ओर से हाल में केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रवाड़ा ए चंद्रशेखर को भेजे गए पत्र के बाद आया है। पत्र में ईडी ने कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में विजयन, उनकी बेटी वीणा, दामाद रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया था।

ईडी ने यह कदम धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान जुटाए गए 'साक्ष्यों' के आधार पर उठाया है।

जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि सीएमआरएल ने वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 'आईटी परामर्श सेवाओं' के नाम पर कथित तौर पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था।

ईडी ने जून में तिरुवनंतपुरम में वीणा से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली थी। उस समय वह विजयन के साथ किराये के आवास में रह रही थीं। इसके बाद एजेंसी ने उनसे पूछताछ भी की थी।

विजयन ने करोड़ों रुपये के करुवन्नूर बैंक घोटाले की जांच को लेकर ईडी की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह राज्य के सहकारी क्षेत्र को निशाना बनाने तथा उसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

यहां एक सहकारी बैंक के शताब्दी समारोह में विजयन ने कहा कि जहां राज्य पुलिस करुवन्नूर बैंक घोटाले में अनियमितताओं के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में कथित तौर पर इस उद्देश्य से हस्तक्षेप किया कि माकपा को दोषी ठहराया जा सके।

विजयन ने कहा, 'उनका लक्ष्य सहकारी क्षेत्र को सुधारना नहीं, बल्कि उसे खत्म करना था, जिसके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है।'

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश