Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

डूसू चुनाव: वाहनों की आवाजाही पर रोक; प्रथम वर्ष के छात्रों को नामांकन दायर करने की अनुमति

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय ने आगामी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को देखते हुए 10 और 11 सितंबर को ‘नॉर्थ कैंपस’ के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए यातायात परामर्श जारी किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी परामर्श के मुताबिक विश्वविद्यालय ने प्रथम वर्ष के उन छात्रों को भी नामांकन दाखिल करने की अनुमति दी है जिन्हें अब तक अपने पहचान पत्र नहीं मिले हैं। वे सत्यापित फीस की रसीद, पासपोर्ट साइज फोटो वाले प्रमाणित छात्र प्रमाण पत्र और सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र के आधार पर नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

रजिस्ट्रार की ओर से जारी एक अलग परामर्श के मुताबिक दोनों दिन छात्र मार्ग, प्रोबिन मार्ग, विश्वविद्यालय मार्ग और जी सी नारंग मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही पर रोक रहेगी। 10 और 11 सितंबर को नॉर्थ कैंपस का गेट नंबर चार भी पूरी तरह बंद रहेगा।

विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित संकाय, कर्मियों और छात्रों को निर्देश दिया है कि वे अपनी गाड़ियां गेट नंबर एक के अंदर पार्क करें, बशर्ते उनके पास विश्वविद्यालय का अधिकृत पार्किंग स्टिकर हो।

ये पाबंदियां डूसू चुनाव की समय-सारणी के शुरुआती चरण के अनुरूप हैं, जिसकी शुरुआत नामांकन प्रक्रिया से होती है।

डीयू के प्रॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने कहा, ‘‘नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही यातायात पर पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।’’

मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 500 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट और हलफनामा समेत नामांकन पत्र जमा करने की आखिरी तारीख बुधवार, 10 सितंबर को अपराह्न तीन बजे तक है।

डूसू पदाधिकारीयों के लिए नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया गेट नंबर चार के पास वनस्पति विज्ञान विभाग के सामने सम्मेलन केंद्र में होगी जहां मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में रखे सीलबंद बॉक्स में नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।

केंद्रीय परिषद की सदस्यता के लिए नामांकन पत्र संबंधित कॉलेजों और विभागों में जमा किए जाने हैं।

नामांकन पत्र की जांच 10 सितंबर को अपराह्न 3.15 बजे होगी और उसके बाद उसी दिन शाम छह बजे तक वैध रूप से नामांकित उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।

उम्मीदवारों को 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति होगी जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा। दिन की कक्षा के लिए मतदान सुबह 8.30 बजे से अपराह्न एक बजे तक होगा जबकि सायं कक्षा के छात्र अपराह्न तीन बजे से शाम 7.30 बजे के बीच वोट डालेंगे।

मतों की गिनती 19 सितंबर को होगी।

भाषा सुरभि संतोष

संतोष