Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

कोटा शहर में मंगलवार को दिखी मादा तेंदुआ चिड़ियाघर से भागी थी: अधिकारी

कोटा(राजस्थान), नौ सितंबर (भाषा) कोटा शहर के नयापुरा इलाके में स्थित चत्तर विलास (सीवी) उद्यान में मंगलवार को दिखी मादा तेंदुआ के बारे में पता चला है कि वह कोटा चिड़ियाघर के एक बाड़े से भागकर वहां पहुंची थी। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तीन घंटे तक चले एक अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित बचा लिया गया और उसे शहर के अभेड़ा जैविक उद्यान में निगरानी में रखा गया है।

मुकुंदरा हिल्स बाघ अभयारण्य के मुख्य वन संरक्षक टी. मोहन राज ने बताया कि ढाई साल की इस मादा तेंदुए को पहले जंगल से बचाकर चिड़ियाघर के एक बाड़े में रखा गया था। उसे सोमवार और मंगलवार रात तक बाड़े में देखा गया था। हालांकि, वह मंगलवार तड़के वह वहां से भाग निकली और चत्तर विलास (सीवी) उद्यान में पहुंच गई।

राज ने तेंदुए के भागने के बाद जिला वन अधिकारी (डीएफओ) की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित करके सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

कोटा के एक व्यस्त सार्वजनिक उद्यान में मंगलवार सुबह एक तेंदुआ दिखने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया था।

उन्होंने बताया कि लोगों के शोर मचाने पर मादा तेंदुआ पास में मौजूद 40 फुट ऊंचे एक पेड़ पर चढ़ गई। शहर में जंगली जानवर के घुसने की खबर तेजी से फैलने के कारण उद्यान की सीमा के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

उन्होंने बताया कि वन विभाग के कर्मियों और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त आपातकालीन टीम ने इलाके की घेराबंदी की और पेड़ के ऊपर ही तेंदुए को बेहोश करने का इंजेक्शन देकर उसे सुरक्षित रूप से बचा लिया।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष