Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

दिल्ली में गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पिस्तौल दिखाकर 1.5 करोड़ रुपये की नकदी लूटी गई

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास ऑटो-रिक्शा से यात्रा कर रहे एक शख्स से पिस्तौल का डर दिखाकर कथित रूप से डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी लूटी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित नकदी संग्रह करने का काम करता है और वह बैग में यह रकम ले कर जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि घटना सात सितंबर को शाम करीब 7:30 बजे हुई, जब शिकायतकर्ता और उसका सहकर्मी चांदनी चौक से सफदरजंग एन्क्लेव जा रहे थे।

शिकायत के अनुसार, मोटरसाइकिल पर आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने आउटर रिंग रोड पर गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास उनके ऑटो-रिक्शा को रोक लिया। आरोपियों में से एक ने उन पर कथित तौर पर पिस्तौल तान दी और नकदी से भरा बैग छीन लिया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से आईटीओ की ओर भाग गए।

जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह चांदनी चौक में नकदी संग्रह करने का काम करता है और नकदी उसके नियोक्ता की थी।

दरियागंज पुलिस थाने में आठ सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है तथा खुफिया जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा