Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

राजस्थान को 'लव जिहाद' की समस्या से निजात दिलाई: मुख्यमंत्री शर्मा

जयपुर, नौ सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि उनकी सरकार ने राजस्थान को 'लव जिहाद' की समस्या से निजात दिलाई है। इसके साथ ही शर्मा ने कहा कि राजस्थान विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहा है।

शर्मा ने आगामी नगर निकाय चुनाव के प्रचार के तहत यहां पुराने शहर के सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक 'रोडशो' किया और नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिताने की अपील की।

इस दौरान उन्होंने कहा, ‘‘हमने जयपुर सहित राजस्थान में 'लव जिहाद' की समस्या से निजात दिलाने का काम किया है। गहलोत सरकार के समय ये घटनाएं होती थीं लेकिन हम धर्मांतरण विरूद्ध कानून लेकर आए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों को जबरदस्ती जयपुर के परकोटे से बाहर भेज दिया जाता था, उनके लिए विक्षुब्ध क्षेत्र (डिस्टर्ब एरिया) विधेयक भी हम लेकर आए हैं। इसलिए अब किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। लेकिन फिर भी कोई आमजन को परेशान करता है, तो उसकी जगह जेल में होगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर पिछली बार जयपुर, जोधपुर एवं कोटा में दो-दो नगर निगम बनाए लेकिन वर्तमान सरकार ने तीनों जगह फिर से एक नगर निगम बनाकर यह दिखा दिया कि एक शहर में एक ही नगर निगम रहेगा।

उन्होंने कहा कि ढाई साल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहा है। राजस्थान में जो काम 40-50 साल से नहीं हुए थे वे काम इस सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में हुए हैं और राजस्थान ने विकास की गति भी पकड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल के काम से कांग्रेसियों के दर्द होने लगा है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने लूट और झूठ की राजनीति की इसीलिए तो इनके कार्यकाल के अधिकारी और इनके मंत्री आज जेल में हैं।’’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस के समय पेपरलीक हुए लेकिन हमारी सरकार ने आते ही 'पेपर लीक' से जुड़े 600 से ज्यादा लोगों को जेल की सलाखों में भेजा है। ढाई साल के अंदर 450 पेपर हुए हैं लेकिन एक भी 'पेपर लीक' नहीं हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जो भी काम बताएंगे वो सारे काम होंगे क्योंकि हम लगातार जनता के बीच रहते हैं और उसकी सुनते हैं। हमारी 'डबल इंजन' की सरकार में 'ट्रिपल इंजन' जुड़ते ही निकाय और पंचायत मजबूत होंगी और विकास भी होगा।’’

निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए शर्मा ने कहा कि इससे विकसित जयपुर, विकसित राजस्थान और विकसित भारत का सपना साकार होगा।

मुख्यमंत्री ने 'रोडशो' की शुरूआत सांगानेरी गेट स्थित हनुमान जी मंदिर में पूजा-अर्चना करके की और जयपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोडशो में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता व सांसद मंजू शर्मा सहित अनेक विधायक मौजूद रहे।

भाषा पृथ्वी अमित

अमित