Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

डीआरआई ने देशभर में चलाए गए अपने अभियान में 740 किलोग्राम गांजा, चरस जब्त की; 13 गिरफ्तार

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने देशभर में चलाए गए अपने अभियानों में करीब 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त की है तथा इस सिलसिले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों में 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा और पांच किलोग्राम चरस शामिल है।

डीआरआई ने खुफिया सूचना के आधार पर आठ सितंबर को अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के रायपुर के पास विशाखापत्तनम से आ रहे दो ट्रकों को रोका।

बयान के मुताबिक, वाहनों की गहन जांच के दौरान ट्रकों के माल रखने वाले हिस्से में रखी 10 बोरियों से गांजे के 61 पैकेट बरामद किए गए। गांजा इन बोरियों में छिपाकर रखा गया था।

इस अभियान के तहत कुल 375.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इससे पहले 26 अगस्त को भी डीआरआई अधिकारियों ने रायपुर के पास एक ट्रक को रोककर उसमें छिपाकर रखा गया करीब 124 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। बयान में बताया गया कि ट्रक को जब्त करने के साथ ही एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया।

इसके बाद पांच और छह सितंबर को एक अन्य अभियान चलाया गया। इस दौरान डीआरआई अधिकारियों ने पीछा करने के बाद पटना के पास औरंगाबाद-पटना राजमार्ग पर एक ट्रक को रोका। ट्रक को रोकने के दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

वाहन की तलाशी के दौरान उसमें गांजे के 90 पैकेट मिले, जिनमें कुल 140.5 किलोग्राम गांजा था। डीआरआई ने ट्रक को भी जब्त कर लिया।

इसके अलावा, पिछले 15 दिनों में डीआरआई अधिकारियों ने तीन अलग-अलग अभियानों में हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई अड्डों पर हनोई (वियतनाम) और बैंकॉक (थाईलैंड) से पहुंचे तीन यात्रियों को रोका। उनके पास से करीब 24.6 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश