Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

केरलम के मुख्यमंत्री ने रास्ता रोकने वाले निष्कासित कांग्रेस नेता की माफी स्वीकार की

तिरुवनंतपुरम, नौ सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि उन्होंने निष्कासित कांग्रेस नेता अनिल कुमार को माफ कर दिया है। अनिल कुमार को हाल ही में मुख्यमंत्री के काफिले को कथित तौर पर रोकने और उनके द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के शामिल नहीं होने के बाद अनुचित व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सतीशन ने कहा कि कुमार के प्रति उनके मन में कोई नाराजगी नहीं है और उन्हें महसूस हुआ है कि जेल से बाहर आने के बाद माफी मांगकर नेता ने “बड़प्पन” दिखाया है।

सतीशन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “जब उन्होंने मुझसे माफी मांगी, तो उन्होंने बड़ा दिल दिखाया, और खुद को मैंने छोटा महसूस किया। मुझे ऐसा ही लगा। इसलिए मैंने भी उन्हें माफ कर दिया। मेरे मन में उनके खिलाफ कोई नाराजगी नहीं है।”

कुमार को हाल ही में मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफिले को कथित तौर पर रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय सतीशन एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, कुमार और अन्य लोगों ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री के काफिले को यह मांग करते हुए रोक दिया था कि सतीशन उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हों। हालांकि, यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के स्वीकृत कार्यक्रमों की सूची में शामिल नहीं था।

इसके बाद कांग्रेस ने कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की और उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।

पिछले सप्ताह स्थानीय अदालत से जमानत मिलने के बाद कुमार ने अपनी टिप्पणियों पर खेद जताया और मुख्यमंत्री से माफी मांगी।

भाषा तान्या नरेश

नरेश