Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 की क्षमता बढ़ाई गई

(कॉपी में सुधार के साथ)

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डा संचालक ‘दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड’ (डायल) ने इस सप्ताह होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के आवागमन को सुचारू रूप से संभालने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिनमें टर्मिनल-3 की क्षमता बढ़ाना भी शामिल है।

संबंधित कदमों से परिचित एक सूत्र के अनुसार, हवाई अड्डे पर ब्रिक्स प्रतिनिधियों के लिए विशेष आव्रजन काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा, विमानों के उतरने और पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है क्योंकि सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होगा।

‘डायल’ ने तैयारियों के संबंध में बताया कि टर्मिनल-3 (टी3) का पियर-सी, नौ सितंबर की रात से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। साथ ही, संबंधित हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय के लिए व्यवस्था भी मजबूत की गई है।

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने एक बयान में कहा, ‘‘पियर-सी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के आगमन की सुविधा प्रदान करेगा। 10 सितंबर की शाम से अंतरराष्ट्रीय आगमन और प्रस्थान, दोनों को यहां से संचालित करने की योजना है।’’

पियर-सी के पूरी तरह परिचालन में आने के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की हवाई अड्डे की वार्षिक क्षमता 50 प्रतिशत बढ़कर 3.1 करोड़ यात्री प्रति वर्ष हो जाएगी।

आमतौर पर हवाई अड्डे पर पियर मुख्य टर्मिनल भवन से जुड़ी एक लंबी और संकरी संरचना या स्थानांतरण सुविधा होती है, जहां से यात्री एयरोब्रिज के जरिए विमान में प्रवेश कर सकते हैं।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों की आवाजाही संभालता है।

शिखर सम्मेलन की तैयारियों के बारे में ‘डायल’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप पाणिकर ने कहा कि अपेक्षित अंतरराष्ट्रीय यातायात में वृद्धि को कुशलता से संभालने और सुरक्षा, रक्षा तथा यात्रियों के अनुभव के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा और परिचालन हितधारकों के साथ मिलकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

भाषा शोभना वैभव

वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल