Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

कोफोर्ज के चेयरपर्सन ओ. पी. भट्ट ने तत्काल प्रभाव से दिया इस्तीफा

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) आईटी सेवा कंपनी कोफोर्ज के चेयरपर्सन एवं स्वतंत्र निदेशक ओ. पी. भट्ट ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है।

यह इस्तीफा ऐसे समय दिया गया है जब आंतरिक ऑडिट में ‘बोर्ड मूल्यांकन रिपोर्ट’ को तैयार करने और निदेशक मंडल के समक्ष पेश करने के तरीके को लेकर चिंताएं सामने आई थीं। इसमें कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां निदेशक मंडल को नहीं बताए जाने का मामला भी शामिल था।

कंपनी ने कई नियामकीय सूचनाओं में कहा कि मार्च-अप्रैल 2026 में पिछले वर्ष के लिए किया गया बोर्ड मूल्यांकन कंपनी के वित्तीय विवरणों या वित्तीय मामलों से संबंधित नहीं है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले का निकट, मध्यम या दीर्घावधि में कंपनी के परिचालन, कारोबारी प्रदर्शन या उसके मार्गदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

अन्य एक सूचना में कंपनी ने कहा कि उसके आंतरिक ऑडिटर ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही की ऑडिट योजना के तहत भट्ट के मार्गदर्शन में बोर्ड मूल्यांकन के लिए अपनाई गई प्रक्रिया और उनके द्वारा निदेशक मंडल के समक्ष पेश की गई बोर्ड मूल्यांकन रिपोर्ट (बीईआर) की समीक्षा की।

सरल शब्दों में, बीईआर एक ऐसा दस्तावेज है जिसमें निदेशक मंडल के सदस्यों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है।

इन टिप्पणियों के बाद निदेशक मंडल ने अपनी चिंताएं जताईं और भट्ट से स्पष्टीकरण मांगा। कंपनी ने कहा कि भट्ट ने उठाए गए मुद्दों पर जवाब दिया और निदेशक मंडल उनके स्पष्टीकरण पर विचार एवं उसका मूल्यांकन करने की प्रक्रिया में था। इस मामले में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया था।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के पूर्व चेयरमैन भट्ट ने कहा कि उन्होंने सद्भावना से काम किया था, लेकिन उन्होंने आठ सितंबर, 2026 से तत्काल प्रभाव से बोर्ड से इस्तीफा दे दिया।

कोफोर्ज ने कहा कि भट्ट का इस्तीफा आंतरिक ऑडिट में सामने आई चिंताओं और इसके बाद बोर्ड द्वारा उनका स्पष्टीकरण मांगने तथा उस पर विचार करने की प्रक्रिया के बाद हुआ। इस्तीफे के साथ ही भट्ट कंपनी की बोर्ड समितियों के सदस्य भी नहीं रहे।

कोफोर्ज के निदेशक मंडल ने गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक विवेक शर्मा को 31 जनवरी, 2027 तक अंतरिम चेयरपर्सन नियुक्त किया है।

भाषा निहारिका

निहारिका