Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

पालघर के आवासीय विद्यालयों के आदिवासी छात्रों ने खराब भोजन आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन किया

पालघर, नौ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के आवासीय विद्यालयों के सैकड़ों आदिवासी छात्रों ने बासी और खराब भोजन दिए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय रसोई व्यवस्था तत्काल खत्म करने की मांग की।

छात्रों ने भोजन को केंद्रीय रसोई से लाने में काफी समय लगने के कारण उसके खराब होने से खाद्य विषाक्तता का खतरा बढ़ने को लेकर चिंता जताते हुए मंगलवार को जव्हार क्षेत्र स्थित जनजातीय विकास परियोजना कार्यालय तक मार्च निकाला और अपनी शिकायतों के समर्थन में वहां धरना दिया।

छात्रों ने आरोप लगाया कि केंद्रीयकृत रसोई में तैयार करने के बाद लंबी दूरी तय कर के लाया गया भोजन घटिया, बासी और अस्वास्थ्यकर स्थिति में पहुंचाया जाता है।

उन्होंने परियोजना अधिकारी को 13 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा, जिसमें जनजातीय विकास विभाग द्वारा संचालित आवासीय आश्रम विद्यालयों में बुनियादी कल्याण और सुविधाओं के संबंध में गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और लगातार कुप्रबंधन का मुद्दा उठाया गया है।

छात्र अपनी मांगें पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन वापस लेने के लिए तैयार नहीं हुए। बाद में, अधिकारियों ने उन्हें भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव