Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

पिस्तौल दिखाकर धमकाने के आरोप में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी का बेटा गिरफ्तार

मेरठ (उप्र), नौ सितंबर (भाषा) मेरठ शहर कोतवाली क्षेत्र के सराय बहलीम इलाके में कथित तौर पर पिस्तौल दिखाकर पड़ोसी को धमकाने के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसके दो नामजद साथियों की भी तलाश कर रही है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सराय बहलीम निवासी हाजी सिराज ने दर्ज करायी शिकायत में आरोप लगाया था कि सोमवार देर रात फिरोज अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उनके घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।

सिराज ने आरोप लगाया कि इस दौरान फिरोज ने पिस्तौल लहराकर उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

सूत्रों ने बताया कि शिकायत और घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने फिरोज और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक के हाथ में हथियार था। मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार शाम मुख्य आरोपी फिरोज उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि मामले में नामजद उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

भाषा सं सलीम गोला

गोला