भुवनेश्वर, आठ सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पांच दिवसीय दौरे की शुरुआत की। इस दौरान वह निवेशकों को आकर्षित करने के लिए रोड शो और कारोबारी बैठकें करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
माझी मंगलवार शाम अबू धाबी पहुंचे, जहां यूएई के अधिकारियों, भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों और राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा ने उनका स्वागत किया।
शर्मा ने एक वीडियो में कहा कि माझी निवेशकों के साथ बैठक करेंगे।
मुख्य सचिव अनु गर्ग के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि यूएई पहुंचने के बाद, मुख्यमंत्री ने अबू धाबी में होने वाली उच्च स्तरीय बैठकों की तैयारियों का जायजा लिया।
बयान के अनुसार, उन्होंने यूएई में भारत के राजदूत से मुलाकात कर दोनों देशों के संबंधों और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में रह रहे ओड़िया लोगों के लिए सहयोग और सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
अबू धाबी में बुधवार को इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आईएचसी), इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल ग्रुप (आईबीपीजी), यूएई के निवेश मंत्री और वरिष्ठ निवेशकों के साथ बैठकें होंगी। इसके बाद पेट्रोकेमिकल और रसायन क्षेत्र पर केंद्रित बैठक होगी।
बयान के अनुसार, माझी ने कहा कि ओडिशा का लक्ष्य निवेशकों के लिए ‘‘पहली पसंद’’ बनना है और यूएई दौरा केवल निवेश आमंत्रित करने के बजाय दीर्घकालिक साझेदारी, प्रौद्योगिकी सहयोग और रोजगार के अवसर विकसित करने पर केंद्रित है। 11 सितंबर को वह दुबई में ओडिशा इन्वेस्टर्स मीट में हिस्सा लेंगे और ओड़िया प्रवासियों से मिलेंगे। वह 12 सितंबर को यूएई से रवाना होंगे।
वहीं, विपक्षी बीजद ने दौरे पर सवाल उठाते हुए विधानसभा में ‘श्वेत पत्र’ पेश करने की मांग की। पार्टी ने जून 2024 के बाद हुए एमओयू, वास्तविक निवेश और रोजगार के आंकड़े सार्वजनिक करने को कहा।
बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने माझी की पिछली सिंगापुर यात्रा का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उसका कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत