सीहोर (मध्यप्रदेश), आठ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के लसुड़िया खास गांव के काहिरी बांध के निकट पानी फिल्टर करने के एक संयंत्र से मंगलवार रात क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गैस के संपर्क में आने से वहां मौजूद कुछ लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद करीब चार लोगों को उपचार के लिए सीहोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चिकित्सकों के मुताबिक अस्पताल में भर्ती किए गए सभी लोग खतरे से बाहर हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि काहिरी बांध के पास स्थित पानी फिल्टर करने के एक संयंत्र से क्लोरीन गैस के रिसाव की सूचना मिली है, जिसके बाद बचाव अभियान के लिए एक दल मौके पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि गैस से प्रभावित चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी जांच की जा रही है।
चौबे ने बताया कि डॉक्टर का एक दल, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को सुरक्षित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि संयंत्र में बांध के पानी को साफ करने के लिए क्लोरीन गैस का उपयोग किया जा रहा था, तभी एक टैंक से गैस का रिसाव होने लगा।
उन्होंने बताया कि गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक हरिओम गुप्ता ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी खतरे से बाहर हैं।
भाषा सं ब्रजेन्द्र सुरभि
सुरभि