Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

टीवीके नौ सितंबर को समन्वय बैठक आयोजित करेगी, वाम दलों ने बनाई दूरी

चेन्नई, आठ सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) बुधवार को चेन्नई में सहयोगी दलों के साथ महत्वपूर्ण दूसरी समन्वय बैठक करेगी, लेकिन मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाकपा ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री और टीवीके संस्थापक सी. जोसेफ विजय करेंगे।

टीवीके मुख्यालय में होने वाली बैठक का उद्देश्य गठबंधन को औपचारिक रूप देना, साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करना, संचालन समिति गठित करना और गठबंधन का आधिकारिक नाम तय करना है। कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और एमडीएमके के बैठक में शामिल होने की संभावना है। वहीं वाम दलों ने बैठक से दूरी बनाई हैं।

माकपा के राज्य सचिव पी. षणमुगम ने कहा कि उनकी पार्टी का टीवीके सरकार को बाहरी समर्थन जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य विधानसभा में सरकार को स्थिर रखना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी किसी औपचारिक गठबंधन संरचना का हिस्सा नहीं बनेगी और किसानों, कृषि मजदूरों, श्रमिकों तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को अलग से विस्तृत ज्ञापन देगी।

उन्होंने विधानसभा में हालिया घटनाक्रम और सरकार तथा विपक्ष द्वारा सदन को ‘‘नारेबाजी और टकराव’’ का मंच बनाने की आलोचना की। षणमुगम ने मंत्रियों को मीसा और सरकरिया आयोग से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों पर बयान देने से पहले रिकॉर्ड जांचने की सलाह भी दी।

इस बीच, 2029 के लोकसभा चुनाव में विजय को प्रधानमंत्री पद का संभावित चेहरा बनाए जाने की टीवीके नेताओं की मांग को लेकर कांग्रेस के साथ भी मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस ने राहुल गांधी को विपक्षी गठबंधन का प्रमुख चेहरा बताया है। हालांकि, टीवीके ने ‘विजय फॉर पीएम’ की मांग को व्यक्तिगत राय करार दिया है।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत