नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की नेता हरसिमरत कौर बादल ने मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
हरसिमरत कौर बादल ने आरोप लगाया कि दोनों एक दुष्कर्म के आरोपी को बचा रहे हैं और मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की।
इस आरोप पर मान और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर की ओर से कोई तुरंत प्रतिक्रिया नहीं आई।
बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मैं राष्ट्रीय महिला आयोग गई। उन्हें इस ‘सत्कार नहीं, बलात्कार’ वाले शासन के बारे में बताया, सारे सबूत सौंपे और मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एनसीडब्ल्यू ने मुझे हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया है। मुझे उम्मीद है और मैं प्रार्थना करती हूं कि इस गंभीर मामले का सही समाधान निकले और हम सब मिलकर अपनी ‘माताओं-बेटियों’ को न्याय दिलाने में अपना योगदान दें।’’
बादल ने मान और उनकी पत्नी पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि एक महिला की गरिमा ‘‘पांच करोड़ रुपये में बेची जा रही है’’।
उन्होंने दावा किया कि पांच महिलाओं ने दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ इंसाफ की गुहार लगाई थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब सरकार ने उन्हें सुरक्षा देने के बजाय पीड़ितों को धमकाया और परेशान किया, उन पर अपनी शिकायतें वापस लेने का दबाव डाला और फिर दुष्कर्म करने वाले को भागने का मौका दे दिया!’’
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में गुस्सा है, और जांच तो दूर की बात है, अब तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई है...।’’
हरसिमरत बादल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत पिछले पांच साल में पंजाब के हालात खराब हुए हैं।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत