जम्मू, आठ सितंबर (भाषा) जम्मू स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के एमबीबीएस इंटर्न ने मंगलवार को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू की ओर से यह आश्वासन दिए जाने के बाद अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की कि उनके मासिक इंटर्नशिप मानदेय में एक महीने के भीतर संशोधन कर बढ़ोतरी की जाएगी।
जम्मू-कश्मीर के अन्य अस्पतालों में कार्यरत अपने सहयोगियों के साथ इंटर्न ने 31 अगस्त को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। वे मौजूदा 12,300 रुपये के मासिक मानदेय का विरोध कर रहे थे और इसे बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति माह करने की मांग कर रहे थे।
हड़ताल कर रहे एमबीबीएस इंटर्न ने जीएमसी, जम्मू के प्राचार्य को संबोधित पत्र में कहा, “हम, सरकारी मेडिकल कॉलेज, जम्मू के एमबीबीएस इंटर्न, आपको सूचित करना चाहते हैं कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू के साथ हमारी बैठक के बाद हमें आश्वासन दिया गया है कि एमबीबीएस इंटर्न के मानदेय में एक महीने के भीतर संशोधन कर बढ़ोतरी की जाएगी।”
उन्होंने कहा, “इस आश्वासन के मद्देनजर और मरीजों को निर्बाध चिकित्सा सेवा तथा शैक्षणिक गतिविधियां जारी रखने के हित में, हमने आज (मंगलवार) से एक महीने की अवधि के लिए अपनी जारी हड़ताल अस्थायी रूप से वापस लेने का फैसला किया है।”
इंटर्न ने कहा कि यह फैसला सद्भावना से और अस्पताल में मरीजों को निर्बाध चिकित्सा सेवा तथा शैक्षणिक गतिविधियां जारी रखने के हित में लिया गया है।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला केवल हड़ताल को अस्थायी रूप से स्थगित करने का है, उनकी मांग वापस लेने का नहीं।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत