कोलकाता, आठ सितंबर (भाषा) कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई ने बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री के दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन छोड़़ने की कथित अपील को लेकर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी से बंगालियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा इसका उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना है।
यहां भवानीपुर और निमतला पुलिस थानों के प्रभारी अधिकारियों को सौंपी गई शिकायतों में क्रमश: दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी और उत्तर कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि शास्त्री ने पांच सितंबर को हावड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणियां की थीं।
दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप प्रसाद ने शिकायत में कहा, ‘‘हम आपका ध्यान इस ओर दिलाना चाहते हैं कि तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई शुरू किए जाने की जरूरत है और प्राथमिकी दर्ज किये जाने के साथ ही आवश्यक गिरफ्तारी होनी चाहिए।’’
उत्तर कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारक पाल ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘यदि खबरों के अनुसार इस तरह की टिप्पणियां की गई हैं तो वे बंगाली लोगों की भावनाओं को गहराई से आहत करने वाली हैं। खास तौर पर दुर्गा पूजा के संबंध में की गई ऐसी टिप्पणियां आपत्तिजनक हैं, क्योंकि यह पश्चिम बंगाल में अत्यंत महत्वपूर्ण सांस्कृतिक, सामाजिक और धार्मिक महत्व रखने वाला त्योहार है।’’
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ये टिप्पणियां समाज में अशांति पैदा कर सकती हैं और लोकतांत्रिक भावना के खिलाफ हैं।
पाल ने कहा, ‘‘इस तरह के बयान देने वाली सार्वजनिक हस्तियों की जिम्मेदारी है कि वे संयम बरतें और राज्य के लोगों की सांस्कृतिक परंपराओं तथा भावनाओं का सम्मान करें।’’
बागेश्वर बाबा के नाम से लोकप्रिय धीरेंद्र शास्त्री ने बंगालियों से दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मांसाहारी भोजन छोड़ने की अपील की थी। उन्होंने धार्मिक अवसरों पर मांस खाने वाले लोगों को ‘‘पाखंडी’’ कहा था।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप