नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को सवाल किया कि दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची में भाजपा सांसद राघव चड्ढा का नाम कैसे जोड़ा गया और इस प्रक्रिया के बारे में निर्वाचन आयोग से स्पष्टीकरण मांगा।
आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राजेंद्र नगर की मतदाता सूची में चड्ढा का नाम 747वें मतदाता के तौर पर आया, जबकि 31 अगस्त को जारी मसौदा सूची में 746 मतदाता ही प्रदर्शित किये गए थे।
भारद्वाज ने कहा कि प्रविष्टि में उस इलाके की मतदाता सूची में सीरियल नंबर 747 पर सुनील चड्ढा के 37 वर्षीय बेटे राघव चड्ढा का नाम दिख रहा।
आप नेता ने तीन सितंबर के चड्ढा के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में मसौदा मतदाता सूची से नाम हटने के बाद वह पंजाब में मतदाता के तौर पर अपना नाम पंजीकृत करवाएंगे।
भाजपा और निर्वाचन आयोग, किसी ने भी अब तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा सुभाष माधव
माधव