नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह के भाई से फोन पर बात की और परिवार को न्याय की लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया।
दक्षिण पूर्वी दिल्ली में 54 वर्षीय विक्रम सिंह की सोमवार को कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि राहुल गांधी ने विक्रम सिंह के भाई से फोन पर बात कर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई और उनके साथ एकजुटता व्यक्त की।
खेड़ा के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आश्वासन दिया कि परिवार की न्याय की मांग अनसुनी नहीं की जाएगी।
इससे पहले, राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर घटना की निंदा की थी और मामले में त्वरित जांच तथा अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की थी।
भाषा हक माधव दिलीप
दिलीप