Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

एनसीएससी ने मंत्री पर आरोप लगाने वाले व्यक्ति की मौत के मामले में पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर एक मंत्री के खिलाफ आरोप लगाने वाले व्यक्ति की मौत के मामले में पांच दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एनसीएससी ने एक बयान में कहा कि संगरूर निवासी गुलजार सिंह ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से राज्य में मादक पदार्थों की समस्या को लेकर सवाल किया था। आयोग के अनुसार, मौत से पहले सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि मंत्री के डर के कारण उन्होंने जहर खा लिया है। उन्होंने गांव की पंचायत के कुछ सदस्यों पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।

आयोग ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर पांच दिन के भीतर मामले के तथ्यों और लगाए गए आरोपों पर की गई कार्रवाई की जानकारी देने को कहा है।

एनसीएससी ने यह कार्रवाई पूर्व विधायक और पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल की शिकायत पर की है।

एनसीएससी के अध्यक्ष किशोर मकवाना ने इस मामले को ‘‘बेहद गंभीर और संवेदनशील’’ बताया।

बयान में उनके हवाले से कहा गया कि किसी व्यक्ति द्वारा अपनी मौत से पहले वीडियो के माध्यम से मंत्री और ग्राम पंचायत के कुछ सदस्यों के नाम लेकर उन पर गंभीर आरोप लगाना बेहद संवेदनशील मुद्दा है इसलिए इस मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।

अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मामले की गहन जांच सुनिश्चित करने और आरोपों की सत्यता का पता लगाने के लिए वह 10 सितंबर को संगरूर का दौरा करेंगे।

मंगलवार को पंजाब में नशे की समस्या को लेकर विपक्ष ने कथित आत्महत्या के मामले को जोर-शोर से उठाया, जिसके बाद यह मुद्दा सुर्खियों में रहा।

सिंह ने एक कथित वीडियो में कहा था कि ‘चिट्टा’ की आपूर्ति बेरोकटोक जारी है और उन्होंने वित्त मंत्री चीमा से इस संबंध में सवाल किया था।

गुलजार (47) की सोमवार रात कथित तौर पर जहर खाने के बाद मौत हो गई। उनके परिवार ने कहा कि उन्होंने छह सितंबर को दिर्बा में एक कार्यक्रम के दौरान इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर चीमा से सवाल किया था।

उनके भतीजे करणवीर सिंह ने कहा कि चीमा से सवाल करने के बाद कुछ स्थानीय ग्रामीण गुलजार को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गए थे। करणवीर ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों ने गुलजार पर माफी मांगने के लिए दबाव भी बनाया था।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश