चंडीगढ़, आठ सितंबर (भाषा) हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि मंगलवार को हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के साथ बैठक हुई और रोडवेज कर्मचारियों की ज्यादातर मांगों पर सहमति बन गई।
विज ने कहा कि ड्यूटी के दौरान रोडवेज के चालकों और परिचालकों के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा झगड़े और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए बैठक में हर जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का फैसला लिया गया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार विज ने कहा कि अगर किसी चालक या परिचालक के साथ ऐसी कोई घटना होती है, तो वे अपने संबंधित नोडल अधिकारी को इसकी जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि इसके बाद ऐसे मामलों को संबंधित जिला प्रशासन के साथ मिलकर निपटाया जाएगा।
विज ने यहां हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में रोडवेज कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई।
परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
मंत्री ने कहा कि ओवरटाइम, बोनस और अन्य मुद्दों से जुड़ी मांगों पर विचार करने के बाद फैसले लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि 'आज की बैठक में करीब 80 से 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बन गई है।'
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश