Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

दिल्ली: आदर्श नगर में अज्ञात हमलावरों ने व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में अज्ञात व्यक्तियों ने 28 वर्षीय एक व्यक्ति आलम की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस को शक है कि यह हत्या इलाके में पहले हुए एक कत्ल का बदला लेने के लिए की गई हो सकती है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब पौने दो बजे टीपीटी नगर के न्यू सब्जी मंडी इलाके में आलम को अज्ञात हमलावरों ने आठ से 10 गोलियां मारीं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मौके से कारतूस के खाली खोखे मिले और वहां पर खून के निशान दिखे।

पुलिस ने बताया कि अपराध दल ने मौके का मुआयना किया और जरूरी सबूत इकट्ठा किए।

पुलिस के अनुसार, आदर्श नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हत्या इलाके में पहले हुई एक हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी।

सूत्रों ने यह भी कहा कि ऐसे आरोप हैं कि इलाके में वेश्यावृत्ति कई वर्षों से चल रही है और पूर्व में हुई एक हत्या इससे जुड़ी हो सकती है। पुलिस जांच के तहत इन दावों की पुष्टि कर रही है।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप