गुरुग्राम, आठ सितंबर (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-पांच में अपने घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्ची की कार की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसकी चार वर्षीय बहन बाल-बाल बच गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात हुई। सीसीटीवी कैमरे में एक कार गली में मुड़ती हुई और बच्ची को कुचलते हुए दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बच्ची की मां पास में ही खड़ी थी। उन्होंने बताया कि चालक कुछ देर के लिए कार से बाहर निकला, लेकिन वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में चालक को गिरफ्तार कर लिया। चालक की पहचान सेक्टर-पांच के पार्ट-छह निवासी 31 वर्षीय जतिन के रूप में हुई है। कार को भी जब्त कर लिया गया।
लड़की के पिता वीरेंद्र तिवारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह सोमवार को रात के खाने के बाद अपनी पत्नी पूजा और बेटियों छविजा (आयु चार वर्ष) तथा अद्रिजा (दो वर्ष) के साथ टहलने के लिए निकले थे।
शिकायत में कहा गया है कि रात करीब नौ बजे उसी गली में रहने वाला जतिन कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने कार मोड़ते समय अद्रिजा को कुचल दिया।
तिवारी ने बताया कि परिवार तुरंत बच्ची को एक निजी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया गया है और उसके पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
सेक्टर-पांच थाने के एसएचओ निरीक्षक सत्यवान ने बताया कि घटना के समय आरोपी एक दोस्त के घर से लौट रहा था।
उन्होंने कहा, “पीड़िता का घर एक गली के कोने पर स्थित है, जहां बच्ची बैठकर खेल रही थी। आरोपी जब कार मोड़ रहा था, तभी चालक की तरफ दृश्यता बाधित होने के कारण वाहन बच्ची के ऊपर चढ़ गया। हम आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।”
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बच्ची गली में खेलती हुई दिखाई दे रही है, जबकि उसकी मां पास में एक अन्य महिला से बात कर रही थी। इसके बाद कार गली में मुड़ी और बच्ची को कुचल दिया, जिसके बाद उसकी मां उसे उठाने के लिए दौड़ी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या माधव
माधव