Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

हापुड़ में थिनर फैक्टरी में आग, कोई हताहत नहीं

हापुड़, आठ सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र में ‘थिनर’ बनाने वाली त्रिवेणी मेडिकेम फैक्टरी में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, आग लगते ही ‘थिनर’ के सैकड़ों ड्रम में धमाके होने लगे और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। उसने बताया कि कई ड्रम फटकर सड़क और आसपास के इलाके में जा गिरे, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही यूपीएसआईडीसी चौकी पर तैनात फोम टेंडर ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया। रासायनिक फैक्टरी होने के कारण हापुड़ के मुख्‍य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अजय शर्मा ने हापुड़ और पिलखुआ फायर स्टेशन से चार अतिरिक्त गाड़ियां रवाना कीं और खुद मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, फैक्टरी में रखा ‘थिनर’ नाली के रास्ते बहकर बाहर आ रहा था, जिससे आग का दायरा बढ़ गया। उसने बताया कि आग की चपेट में आकर बगल की दो फैक्टरी की सामने की दीवार और एक फैक्टरी के कार्यालय का दरवाजा जल गया।

पुलिस ने बताया कि सीएफओ शर्मा ने पुलिस के साथ मिलकर फैक्टरी और आसपास काम कर रहे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। उसने बताया कि आग के विकराल रूप को देखते हुए गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर से मदद मांगी गई।

दमकल मुख्यालय के निर्देश पर गाजियाबाद से सीएफओ राहुल पाल और एफएसओ कोतवाली शेषनाथ यादव चार गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि गौतमबुद्धनगर से एक ‘वाटर बाउजर’ और एक ‘आर्टिकुलेटेड वाटर टावर’ भी भेजा गया।

उसने बताया कि लगभग एक दर्जन गाड़ियों ने सीएफओ हापुड़ और सीएफओ गाजियाबाद के नेतृत्व में ‘फोम कंपाउंड’ और पानी की तेज बौछारों से आग पर काबू पाया।

भाषा

सं आनन्द पारुल

पारुल