नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से मंगलवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है :-
प्रादे192 गुजरात संपूर्णलीड मोदी
‘नाराज फूफा जी’ को अब काम मिल गया: माल ढुलाई गलियारे के उद्घाटन के बाद मोदी ने कहा
वडोदरा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवनिर्मित माल ढुलाई गलियारे को लेकर मंगलवार को विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि आलोचक अब भी “नाराज फूफा” की तरह शिकायतें करते रहेंगे और नए-नए मुद्दे खड़े करेंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सरकार के खिलाफ अभियान को भी “झूठ की गूंज” करार दिया।
दि72 विदेश मंत्रालय चीन भारत
भारतीय, चीनी सेनाओं ने दो सत्रों में सीमा स्थिति पर उच्चस्तरीय वार्ता की
नयी दिल्ली, विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पिछले महीने बीजिंग में हुई विशेष प्रतिनिधि वार्ता में बनी सहमति के अनुरूप भारतीय और चीनी सेनाओं ने इस सप्ताह अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में सीमा के दोनों ओर दो सत्रों में पहली उच्चस्तरीय सैन्य कमांडर स्तर की फ्लैग बैठक की।
दि65 भारत रूस लीड पेस्कोव
रूस ने यूक्रेन में शांति के लिए भारत की अपील का समर्थन किया; नयी दिल्ली के रुख से मॉस्को सहमत
नयी दिल्ली, रूस ने मंगलवार को कहा कि वह यूक्रेन संघर्ष खत्म करने के लिए भारत के किसी भी शांति प्रयास का स्वागत करेगा तथा बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने के लिए मॉस्को की रणनीति काफी हद तक नयी दिल्ली के रुख के समान है।
प्रादे216 उत्तराखंड शुद्धीकरण प्राथमिकी
खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धीकरण’ मामले में कांग्रेस नेता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
हल्द्वानी, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर शुद्धीकरण किए जाने के मामले में पुलिस ने पार्टी नेता अंजू आर्य की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दि35 कांग्रेस लीड पूर्वोत्तर
अमित शाह के गृह मंत्री रहते दिल्ली बनी ‘अपराध की राजधानी’: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की दिल्ली में कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले को लेकर मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में दिल्ली ‘अपराध की राजधानी’ बन गई है।
अर्थ74 मोदी फिनटेक
फिनटेक क्षेत्र अब यूपीआई का वैश्विक विस्तार करने, पैसा भेजने की लागत घटाने पर करे काम: मोदी
मुंबई, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिनटेक क्षेत्र से एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) की वैश्विक पहुंच बढ़ाने, इसे अन्य देशों की स्थानीय भुगतान प्रणालियों से जोड़ने और प्रवासी भारतीयों के लिए पैसा भेजने की लागत कम करने में मदद करने का आह्वान किया।
दि31 भाजपा राहुल पूर्वोत्तर
राहुल गांधी कहां थे, जब पित्रोदा ने कहा था कि पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे दिखते हैं : भाजपा का सवाल
नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मणिपुर के एक संगीतकार की पीटकर हत्या किए जाने के मामले में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उन पर पलटवार किया। भाजपा ने सवाल किया कि जब कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा था कि पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, तब राहुल गांधी कहां छिपे थे?
प्रादे219 केरलम सीएमआरएल डीजीपी लीड मंत्री
केरल सरकार सीएमआरएल मामले में प्राथमिकी के लिए ईडी के पत्र पर कार्रवाई करने को बाध्य : चेन्निथला
तिरुवनंतपुरम, केरलम के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को कहा कि कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी बेटी टी वीणा और दामाद पी ए मोहम्मद रियास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अनुरोध वाले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पत्र पर सरकार कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य है।
प्रादे129 महाराष्ट्र आरक्षण फडणवीस
मराठा आरक्षण की मांग: फडणवीस ने अन्य समुदायों के हिस्से में कटौती नहीं होने का आश्वासन दिया
मुंबई, मराठा आरक्षण की मांग को लेकर कार्यकर्ता मनोज जरांगे का अनशन मंगलवार को 11वें दिन में प्रवेश कर गया। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार संविधान के तहत जो भी संभव होगा, वह करेगी, लेकिन किसी एक समुदाय के हिस्से में कटौती कर दूसरे समुदाय को आरक्षण नहीं दिया जाएगा।
प्रादे89 महाराष्ट्र अदालत दूसरी लीड राहुल गांधी
मुंबई उच्च न्यायालय ने राहुल गांधी को 2019 में जारी समन रद्द करने से इनकार किया
मुंबई, मुंबई उच्च न्यायालय ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को 2019 में एक मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा जारी समन को रद्द करने से मंगलवार को इनकार कर दिया। यह समन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित मानहानिकारक टिप्पणी करने को लेकर दायर शिकायत के मामले में जारी किया गया था।
वि34 फ्रांस एफिल टावर दूसरीलीड बीएपीएस
महिला कर्मियों को हटाने के विरोध में प्रदर्शन के बाद एफिल टावर एक दिन बंद रहा
लंदन/नयी दिल्ली, एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के लिए महिला कर्मचारियों को ‘‘हटाये जाने’’ के विरोध में कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद सोमवार को एफिल टावर एक दिन के लिए बंद रहा। यह जानकारी एफिल टावर के प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने दी।
अर्थ26 भारत तेल कीमत
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से भारत के आयात बिल और महंगाई पर दबाव बढ़ा
नयी दिल्ली, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से भारत के तेल आयात बिल, रुपये और महंगाई पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
भाषा अमित माधव
माधव