Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

बिहार कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं का पार्टी मुख्यालय के बाहर धरना, प्रभारी व अध्यक्ष हटाने की मांग

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) कांग्रेस की बिहार इकाई के कई असंतुष्ट नेताओं ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय के बाहर धरना दिया और प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम को पद से हटाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात के लिए समय भी मांगा।

इन नेताओं का कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद से ही बिहार के प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी को हटाने की मांग पार्टी आलाकमान के समक्ष लगातार रखी जा रही है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे बिहार में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझावों के साथ आलाकमान से मुलाकात करने का प्रयास भी करते रहे हैं।

इन नेताओं का आरोप है कि उनकी मांगों और सुझावों को लगातार नजरअंदाज किया गया, जिसके बाद उन्हें अपनी बात पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए धरना देने जैसा कदम उठाना पड़ा।

बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार झा ने कहा, ‘‘कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और पार्टी में हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। इसलिए आलाकमान को इन कार्यकर्ताओं से बातचीत करनी चाहिए और बिहार में संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि धरने में शामिल सभी सदस्य कांग्रेस के ‘‘निष्ठावान और समर्पित’’ कार्यकर्ता हैं तथा उनकी सभी मांगें पार्टी के हित में हैं।

उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं की बात सुनना और उस पर उचित निर्णय लेना पार्टी आलाकमान का कर्तव्य है।

भाषा हक माधव अविनाश

अविनाश